करनाल, 27 नवंबर:- करनाल पुलिस और एसटीएफ ने बड़ा खुलासा करते हुए सीएचडी सिटी के पास झिंझाड़ी इलाके की झाड़ियों से डेढ़ किलो आरडीएक्स, दो ग्रेनेड और एक आईईडी बरामद किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह विस्फोटक सामग्री किसी वारदात को अंजाम देने की एक बड़ी साज़िश का हिस्सा थी, जिसे समय रहते एंटी टेरर फोर्स (STF) ने नाकाम कर दिया।
गिरफ्तार बदमाश की निशानदेही पर मिला विस्फोटक
दो दिन पहले पुलिस द्वारा पकड़ा गया यूपी का कुख्यात बदमाश अमर सिंह राणा उर्फ मूछ इस खुलासे की कड़ी बनकर सामने आया। रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसने झिंझाड़ी क्षेत्र की झाड़ियों में ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री छिपाई होने की बात स्वीकार की।
इस जानकारी के बाद पुलिस, एसटीएफ, फोरेंसिक, सीआईडी और अन्य एजेंसियों ने तत्काल संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया और क्षेत्र को घेरकर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान झाड़ियों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर ली गई। सदर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले के तहत पुलिस को 25 नवंबर की शाम सूचना मिली थी कि अमर सिंह अवैध असले के साथ करनाल आ रहा है।
सूचना पर इंद्री–करनाल रोड पर नाकाबंदी की गई और मुखबिर द्वारा बताई गई गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी में आरोपी की जेब से एक नाजायज विदेशी पिस्तौल और मैगज़ीन से 5 जिंदा राउंड बरामद हुए। अमर सिंह पर पहले से लूट, हत्या और फिरौती वसूली जैसे 10 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि वह अंबाला जेल में रहते हुए नौनी राणा के संपर्क में आया था।
**दिल्ली विस्फोट से जुड़ाव की भी जांच
एसटीएफ के डीआईजी ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री को किस जगह उपयोग किया जाना था, इसकी पुष्टि की जा रही है। साथ ही इस मामले को दिल्ली में हुए विस्फोट से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
अब एनआईए सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियां आरोपी से विस्तार से पूछताछ करेंगी।
**सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
विस्फोटकों की बरामदगी के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच टीमें लगातार आसपास के इलाके को खंगाल रही हैं ताकि किसी और सामग्री या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।
