रतिया, 18 मई:- ऑनलाइन दवा बिक्री, भारी डिस्काउंट और दवा कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के विरोध में 20 मई को रतिया के मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। इस संबंध में रतिया मेडिकल केमिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग उठाई।
यूनियन के प्रधान राजेंद्र लडूना के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक नरेंद्र मित्तल, उप प्रधान सुंदर लाली, महासचिव विमल बंसल तथा कैशियर दिनेश शर्मा शामिल रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि जिलेभर में केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई को प्रस्तावित बंद का समर्थन किया जा रहा है और रतिया के मेडिकल स्टोर भी पूर्ण रूप से बंद रखे जाएंगे।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन दवा कंपनियां भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल कारोबार को प्रभावित कर रही हैं, जिससे छोटे मेडिकल संचालकों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों की ऑनलाइन उपलब्धता लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है। कई बार गलत दवा सेवन के मामले भी सामने आ रहे हैं, जिससे मरीजों की जान को जोखिम हो सकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से लोगों को सेवाएं दे रहे मेडिकल संचालकों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। वहीं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बड़ी कंपनियों के साथ मिलकर बाजार में असंतुलन पैदा कर रहे हैं। यूनियन ने सरकार से मांग की कि दवा बिक्री को लेकर सख्त नियम बनाए जाएं तथा ऑनलाइन कारोबार पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बंद का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित और सही दवाइयां उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए आवश्यक सेवाओं को लेकर उचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी विचार किया जा रहा है।
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगे रतिया के मेडिकल स्टोर
