रतिया, 8 जून:- विकलांग अधिकार मंच हरियाणा द्वारा पांचवें जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन सती मंदिर रतिया में राज्य एवं जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी सरदार नरेंद्र सिंह बाहमणवाला मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। विकलांग अधिकार मंच हरियाणा के राज्य महासचिव ऋषिकेश राजली ने मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की, जबकि मंच संचालन जिला सहसचिव कर्मजीत सिंह पदम ने किया। फतेहाबाद जिले से करीब 100 विकलांग साथियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य एवं जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार द्वारा ध्वजारोहण करके की गई।
मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह बाहमनवाला ने अपने संबोधन में कहा कि विकलांगों को भी समाज में एक आम व्यक्ति की तरह पूरा मान-सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार व प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि वे विकलांगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने पर विशेष रूप से ध्यान दें ताकि उन्हें समाज के बुनियादी ढांचे से जोड़ा जा सके। साथ ही उन्होंने विकलांगों की हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राज्य महासचिव ऋषिकेश राजली ने अपने संबोधन में कहा कि विकलांग अधिकार मंच, हरियाणा विकलांगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करता आ रहा है और सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में अवगत करवाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने विकलांगों की 40 प्रतिशत से ऊपर की विकलांगता पर फ्री बस सुविधा देने की मांग को पूरा किया है, जिसके लिए मंच सरकार का आभार व्यक्त करता है। साथ ही उन्होंने मांग की कि हरियाणा रोडवेज की सभी बसों व लंबी दूरी की बसों में पास लागू किया जाए। उन्होंने निजी बस ऑपरेटरों द्वारा विकलांगों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार पर चिंता जताई और स्पष्ट दिशा-निर्देशों की मांग की।
मंच ने कई प्रमुख मांगें उठाईं, जिनमें यूडीआईडी कार्ड प्रक्रिया का सरलीकरण, पुराने मेडिकल प्रमाण पत्रों को मान्यता देना, जरूरतमंदों के लिए बीपीएल राशन कार्ड बनाना, परिवार पहचान पत्र की समस्याओं का समाधान, 3.5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण, सरकारी व गैर-सरकारी विभागों में रैंप/लिफ्ट व व्हील चेयर की व्यवस्था, पेंशन बढ़ाकर 10 हजार रुपये करना, खाली पड़े पदों को भरना, कृत्रिम अंगों पर 5 साल की शर्त हटाना और विकलांग कानून 2016 के तहत शिक्षण संस्थानों में 5 प्रतिशत आरक्षण लागू करना शामिल है।
सम्मेलन को अखिल भारतीय किसान सभा के नेता कामरेड जगतार सिंह, मास्टर राम गोपाल बलाना, समाजसेवी रमेश लाली, जिला सचिव सुरेंद्र जांडली, भुना ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर सिंह और रतिया ब्लॉक अध्यक्ष टेक चंद ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में 15 सदस्यीय जिला कमेटी का पुनर्गठन किया गया। रामनिवास को जिलाध्यक्ष, पपल कुमार को उपाध्यक्ष, कर्मजीत सिंह पदम को सचिव, बाबू राम को सहसचिव और सुरेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अनिल बिश्नोई, टेक चंद, छिंद्रपाल, ईश्वर सिंह, सुरेंद्र जांडली, रोहताश रंगा, उदयवीर, सुरेश कुमार, सुरजीत सिंह टिब्बी और नवप्रीत सिंह चहल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
रामनिवास बने विकलांग अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष व कर्मजीत सिंह पदम को जिला सचिव की कमान
