होशियारपुर:- पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना के प्रयासों से दुबई में फंसी राजवंत कौर सकुशल भारत लौटी है। खन्ना के कार्यालय से ज्योति कुमार जौली ने बताया कि होशियारपुर के माहिलपुर निवासी राजवंत कौर जो कि रोजगार के लिए एक एजेंट के माध्यम से दुबई गयी थी। एजेंट द्वारा उसे वहां काम दिलवाने का भी वादा किया गया था परन्तु ट्रैवल एजेंट ने राजवंत कौर को दुबई में काम नहीं दिलवाया जिसके चलते राजवंत कौर को दुबई में बिना काम के रहना पड़ा और काम व पैसे न होने के चलते वह दुबई में फंस गयी। 
राजवंत कौर को दुबई में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसपर राजवंत कौर के पिता दिलावर सिंह ने खन्ना से भेंट कर गत दिनों राजवंत कौर के दुबई में फंसे होने सम्बन्धी जानकारी देते हुए उसे वहां से सकुशल भारत वापिस लेन की अपील की थी। श्री खन्ना द्वारा तुरंत पीड़ित पिता की गुहार पर करवाई करते हुए अपने कार्यालय के माध्यम से यह सारा मामला केंद्रीय विदेश मंत्रालय के ध्यान में लाया।
इसके अतिरिक्त श्री खन्ना ने व्यक्तिगत तौर पर भी दुबई में अपने एक कार्यकर्ता अतिंदर सिंह की ड्यूटी लगायी जिसने राजवंत कौर की काफी मदद की। राजवंत कौर के पास टिकट के पैसे न होने के चलते श्री खन्ना द्वारा अपने मित्रों के आर्थिक सहयोग से राजवंत कौर को भारत सकुशल वापिस लाया गया।
भारत सकुशल अपने परिवार में वापिस आने के उपरांत आज राजवंत कौर व् उसके पिता ने श्री खन्ना से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया है।