हरियाणा/हिसार: हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश ठकराल का हिसार के सेक्टर-14 स्थित राजेश होटल में स्थानीय व्यापारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया तथा जलपान का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राजेश ठकराल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग और आमजन की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए वे सदैव तत्पर रहे हैं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है तथा सरकार जनहित और विकास के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए हांसी के उपमंडल अधिकारी राजेश खोथ ने कहा कि राजेश ठकराल का सरल, मिलनसार एवं सेवाभावी व्यक्तित्व उन्हें समाज के हर वर्ग से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना व्यापारी वर्ग और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्हें विश्वास है कि राजेश ठकराल अपने अनुभव और कार्यशैली से इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
एसजी एस्टेट के प्रवीण सिंगल ने कहा कि राजेश ठकराल व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं और उनकी पीड़ा को भी भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर राजेश ठकराल पहले भी सक्रिय रहे हैं और भविष्य में भी समाज के हित में इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर देवीलाल खोथ, प्रवीण सिंगल (एसजी एस्टेट), विनोद तोशावड़ (भाजपा जिला अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा), कैलाश सिंगला, आनंद सिंगल, विनोद धवन अखिल भारतीय सेवा संघ के संस्थापक, परवीन केडिया, राजकुमार कक्कड़, गुलशन कामरा, योगेश मित्तल, आशीष सीकरी, विनोद गुप्ता, सहदेव गोयल, रघुवीर गोयल तथा सत्यपाल शर्मा
डॉ. संजय मुंजाल, राजेश सलूजा बरवाला मंडल भाजपा मीडिया प्रभारी ,नरेश रखेजा पूर्व प्रधान सब्जी मंडी हांसी , हरीश धमीजा, संदीप थरेजा प्रॉपर्टी डीलर, सौरभ कथूरिया समाजसेवी
 सहित सेक्टर-14 के अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राजेश ठकराल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।