नवांशहर/काठगढ़, 28 अक्टूबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- गांव रैल माजरा में दूसरा मां भगवती जागरण बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से आयोजित किया गया। जागरण के दिन पूरा गांव माता रानी की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही गांव में चहल-पहल शुरू हो गई थी और दूर-दराज से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।

माता रानी की पवित्र ज्योति श्री शक्ति पीठ नैना देवी दरबार से लाई गई। ज्योति के गांव पहुंचते ही वातावरण भक्तिमय हो गया। बैंड-बाजों के साथ ज्योति का स्वागत किया गया और उसे पूरे गांव में घुमाया गया। रास्ते में गांववासियों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा की, जबकि महिलाओं ने ज्योति के दर्शन कर माथा टेका। इसके बाद ज्योति को जागरण पंडाल में सुशोभित किया गया। विधिपूर्वक मंत्रोच्चारण के बाद जागरण शुरू हुआ। माता रानी का सुंदर भवन देखने योग्य था, जिसे रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था।

जागरण की शुरुआत में गायक शौकी रोपड़ वाला एंड पार्टी ने महामाई की लोकप्रिय भेंटें गाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्रद्धालुओं ने भेंटों पर खूब नृत्य किया और माता रानी के जयकारे लगाए। ठीक रात एक बजे पंजाब की प्रसिद्ध भेंट गायिका जोड़ी धीमान सिस्टर्स ने मंच संभाला। उन्होंने अपनी मधुर भेंटों से पूरे पंडाल को भक्तिरस में डुबो दिया और श्रद्धालुओं को नाचने पर मजबूर कर दिया। श्रद्धालु पूरी रात भेंटों पर झूमते रहे। अंत में माता तारा रानी की कथा के साथ जागरण संपन्न हुआ।

जागरण के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। आयोजकों ने आने वाले सभी श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव के युवाओं ने दिन-रात सेवा में जुटकर जागरण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की खूब सराहना की।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय मंगूपुर, नानक जंडी, अध्यक्ष सुरिंदर छिंदा, अकाली नेता गुरप्रीत गुज्जर रैल माजरा, सरपंच अनीता, सतपाल संधू, समाजसेवी सज्जन सिंह, बाजीगर समाज पंजाब के अध्यक्ष गज्जन सिंह, जिला अध्यक्ष रोही राम, धार्मिक शख्सियत साईं सलीम शाह और साईं सिकंदर शाह उपस्थित थे। आयोजकों में कश्मीर सिंह, बलवीर सिंह, सतपाल, अमरीक सिंह, जसपाल जस्सी, दिलबाग रिंकू, चमन लाल, अजय, प्रेम चंद, जनक, सूरज, पवन, जोजन, सुखदीप और बंटी दिन-रात सेवा में जुटे रहे।