रतिया, 14 जुलाई: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रतिया से पंजाबी प्रवक्ता के पद से सेवानिवृत्त हुए वीर सिंह थिंद के सम्मान में पंजाबी अध्यापक एवं भाषा प्रचार-प्रसार समिति, हरियाणा द्वारा एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला प्रधान कश्मीर सिंह एवं जिला महासचिव प्राचार्य हंसराज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान जगजतिन्दर सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक रतिया की महासचिव एवं पंजाबी प्रवक्ता मनजीत कौर रंधावा ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया।
इस अवसर पर प्रदेश कन्वीनर डॉ. नैब सिंह मंडेर ने वीर सिंह थिंद की शिक्षा, साहित्य एवं समाज सेवा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने लगभग 12 वर्ष 6 माह की शिक्षा सेवा के दौरान पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कई वर्षों तक राजकीय विद्यालय करंडी में स्कूल मुखिया के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रतिया में भी चार वर्षों तक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य किया। डॉ. मंडेर ने कहा कि थिंद का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
जिला प्रधान कश्मीर सिंह तथा जिला महासचिव प्राचार्य हंसराज ने अपने संबोधन में कहा कि एक समर्पित शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण भी करता है। उन्होंने कहा कि वीर सिंह थिंद का अनुभव, मार्गदर्शन और स्नेह संगठन एवं अध्यापक वर्ग के लिए सदैव अमूल्य धरोहर रहेगा।
समारोह के दौरान संगठन की ओर से प्रशंसा-पत्र, सम्मान-पत्र एवं शॉल भेंट कर वीर सिंह थिंद को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सक्रिय जीवन की मंगलकामना करते हुए शिक्षा जगत में उनके योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
सम्मान के उपरांत वीर सिंह थिंद ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान जीवनभर प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने नई पेंशन योजना (NPS) का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों की पेंशन संबंधी चिंताओं को भी साझा किया और कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सकारात्मक पहल की आवश्यकता है।
समारोह के अंत में ब्लॉक प्रधान जगजतिन्दर सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मैडम संतोष थिंद, रेशम कौर, गुरमन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष बूटा सिंह, ब्लॉक कोषाध्यक्ष हरविंदर सिंह, ओम प्रकाश, मनजीत कौर रंधावा, मनदीप कौर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।