अंबाला, 15 अक्टूबर (आर. सिंह):- ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज 15 अक्टूबर को किए गए पंजाब बंद का असर अंबाला में भी नजर आया। अंबाला छावनी बस स्टैंड से सुबह हरियाणा रोडवेज की कुछ बसें पंजाब के लिए रवाना हुईं, लेकिन इसके बाद ज्यादातर बस सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। अंबाला छावनी के बस स्टैंड पर फंसे यात्रियों ने बताया कि वे लंबे समय से बसों का इंतजार कर रहे थे। 

उन्हें बताया जा रहा था कि बसें न तो पंजाब जा रही हैं और न ही पंजाब से आ रही हैं। यात्रियों ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि बंद किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। पंजाब जा रहे रमेश कुमार ने बताया कि वह पिछले दो घंटे से अंबाला छावनी बस अड्डे पर खड़ा है, लेकिन कोई बस नहीं आ रही, जिसके कारण उसे काफी परेशानी हो रही है।

 इसी तरह लखनऊ से आए एक यात्री ने कहा कि वह कई घंटों से पटियाला जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है, लेकिन उसे बताया जा रहा है कि आज पंजाब बंद है और बसें आगे नहीं जा रही हैं।