होशियारपुर- पंजाब व्यापार आयोग, आबकारी एवं कराधान विभाग के चेयरमैन अनिल ठाकुर ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में होशियारपुर जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक की शुरुआत में सहायक कर आयुक्त परमजीत सिंह एवं व्यापार मंडल होशियारपुर के अध्यक्ष गोपी चंद कपूर ने चेयरमैन का स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन अनिल ठाकुर ने कहा कि व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुसार उन्होंने वर्ष 2017-18 की पहली तिमाही के लंबित कर बकाए के समाधान के लिए ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू करने के लिए वित्त मंत्री पंजाब को सिफारिश भेजी है तथा इस योजना को जल्द ही लागू किया जाएगा।
चेयरमैन ने व्यापारियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना, जिनमें से कई समस्याओं का विभागीय अधिकारियों की मदद से मौके पर ही समाधान किया गया। बाकी जटिल मुद्दों को भी जीएसटी काउंसिल के माध्यम से हल करने का आश्वासन दिया गया।
श्री ठाकुर ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में करों की अदायगी में सहयोग करें ताकि राज्य के राजस्व में वृद्धि हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार व्यापारियों की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंजाब सरकार व्यापारियों की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध : अनिल ठाकुर
