माहिलपुर- पंजाब शिक्षा क्रांति के अंतर्गत आज सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने सरकारी एलीमेंट्री स्मार्ट स्कूल मेहमोवाल में करीब 13 लाख रुपए की लागत से करवाए गए कार्यों का उद्घाटन किया और कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब में शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरकारी एलीमेंट्री स्मार्ट स्कूल मेहमोवाल में नए कमरों और चारदीवारी के काम का उद्घाटन करते हुए सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब भर के स्कूलों की कायापलट हुई है, जिसके चलते स्कूलों का बुनियादी ढांचा पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और शानदार हो गया है।
 उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने 400 से ज्यादा अध्यापकों, लेक्चरर और प्रिंसिपलों को विदेश में प्रशिक्षण देकर शिक्षण के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत की है, जो मौजूदा प्रतिस्पर्धा के युग में विद्यार्थियों के लिए बहुत फायदेमंद होगा। पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को दी जा रही मुफ्त सुविधाओं का जिक्र करते हुए डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों का बुनियादी ढांचा न केवल प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले में है बल्कि हर सुविधा मुफ्त दी जा रही है। 
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जिला होशियारपुर के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों में मुफ्त शैक्षणिक दौरे करवाए गए, जो उनके सर्वपक्षीय विकास में सहायक सिद्ध होंगे। हलके चब्बेवाल के स्कूलों में अध्यापकों की कमी के बारे में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा की जा रही भर्तियों से हलके का कोई भी स्कूल अध्यापकों के बिना नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों के विकास और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।