मोहाली:- आज दिनांक 17-08-2026 को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के डेली वेज कर्मचारी यूनियन द्वारा अपनी सेवाओं को नियमित करवाने के लिए आज दोपहर के समय शिक्षा बोर्ड दफ्तर के गेट के आगे एक रोष रैली की गई और पंजाब सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया।
रोष रैली को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रधान राज कुमार ने बताया कि दिनांक 07-10-2022 को पंजाब सरकार ने शिक्षा विभाग में 8736 कच्चे अध्यापकों को पक्के करने का एक नोटिफिकेशन जारी किया था। जिसमें पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के लगभग 525 कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का ऐलान किया था। इस संबंध में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा नोटिफिकेशन को अडॉप्ट करते हुए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के लगभग 525 कच्चे मुलाजिमों के नियमित करने संबंधी पंजाब सरकार द्वारा जारी प्रोफार्मे भी भरवाए गए थे।
कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी बोर्ड द्वारा एक सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी को चार साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी कमेटी अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। कमेटी बार-बार मीटिंग रख कर मुल्तवी कर देती है। बोर्ड के कच्चे लगभग 525 मुलाजिमों में से बहुत सारे मुलाजिम ओवरएज होते जा रहे हैं।
जनरल सेक्रेटरी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा इस संबंध में कई बार शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और बोर्ड मैनेजमेंट के साथ मीटिंगें की जा चुकी हैं, पर कच्चे मुलाजिमों की किसी ने एक न सुनी। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने बोर्ड के कच्चे मुलाजिमों को नियमित नहीं किया तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी बोर्ड मैनेजमेंट और पंजाब सरकार की होगी।
इस मौके पर मौजूदा यूनियन के प्रधान राज कुमार, बोर्ड कॉरपोरेशन के सूबा प्रधान तारा सिंह, राकेश राणा शीटू, जिला जनरल सेक्रेटरी, बलवंत सिंह, मीत प्रधान पी.आई.सी., जनरल सेक्रेटरी इंद्रजीत सिंह, बूटा सिंह, गुरप्रीत सिंह, तेजिंदर सिंह, करन सिंह, भगवंत सिंह, नवप्रीत सिंह, निर्मल सिंह, विश्वप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह, विनोद कुमार, गुरविंदर सिंह, सुषमा कुमारी, सुखविंदर कौर, नरिंदर कौर, राजपाल कौर, प्रीति शर्मा, गुरजीत कौर, हरमेश कौर, रवनीत कौर, समीक्षा के अलावा बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी हाजिर थीं।
