रतिया, 24 मार्च- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के मार्गदर्शन में फतेहाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में थाना सदर रतिया पुलिस की ईआरवी-227 तथा चौकी ब्राह्मणवाला की पीसीआर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
    थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि रतिया क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही ईआरवी-227 व पीसीआर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा महज 5 मिनट के भीतर एंबुलेंस की प्रतीक्षा किए बिना अपने वाहन से नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया, जिससे घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
    इस दौरान पुलिस टीम ने मौके पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा और आमजन से सहयोग की अपील की। पुलिस की इस तत्परता एवं संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की गई।
    *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* ने पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि फतेहाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में लोगों की मदद करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी ऐसी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।