चंडीगढ़, 7 जून - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस देश की असली ताकत हमारे गरीब, मजदूर व वंचित वर्ग के लोग हैं। यहां के लोग अपनी मेहनत व पसीने से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सबसे बड़ा योगदान दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में इन मजदूर वर्ग को जो सम्मान व अधिकार दिया है, वह कांग्रेस कभी नहीं दे पाई। कांग्रेस ने हमेशा अपने परिवार के हितों को प्राथमिकता दी तथा आम जनता, समाज व देश की चिंता नहीं की। दशकों तक सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने आम जनता की उम्मीदों को नजरअंदाज किया और अब जनता ने उन्हें शून्य पर ला दिया है।
मुख्यमंत्री आज यहां संत कबीर कुटीर में प्रदेशभर से आए डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डीएससी समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा डीएससी समाज के आरक्षण वर्गीकरण को लागू करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को 11 जून को सिरसा में मनाई जाने वाली संत कबीर जयंती का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों को योद्धा बताते हुए कहा कि समाज ने मेरे सिर पर जो सम्मान की पगड़ी रखी है, यह सम्मान समाज का है और मैं इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा कि आज डीएससी को उसका हक और सम्मान मिल रहा है। हाल ही में घोषित लगभग 3500 भर्तियों में से 605 पद डीएससी समाज के लिए तथा 664 पद अन्य अनुसूचित जातियों के लिए हैं। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने कहा कि डीएससी समाज ने बहुत संघर्ष किया और आज उस संघर्ष के सुखद परिणाम सामने आए हैं। इससे हमारी आने वाली पीढ़ियां मजबूत होंगी। कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को जो संविधान दिया, वह आज हमारे लोकतंत्र की मूल आत्मा है।
इस पवित्र संविधान की वजह से ही देश को लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली है, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद और न्यायपालिका मजबूती से काम कर रहे हैं। संसद के अंदर चेयरमैन भी इसी संविधान की देन है, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस पार्टी ने कभी भी डॉ. अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया और आज भी जब कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद या न्यायपालिका पर टिप्पणी करती है तो यह न केवल उनका अपमान है, बल्कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके द्वारा बनाए गए संविधान का भी अपमान है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनावों के दौरान राहुल गांधी पवित्र संविधान की प्रति हाथ में लेकर घूमते नजर आए। कोई उन्हें बताए कि यह संविधान प्रदर्शन की वस्तु नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र का मूल स्तंभ है, पूजनीय है। संविधान को हाथ में लेकर लोगों को डराना या गुमराह करना गलत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की नई पहचान मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया कि यदि श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान खत्म हो जाएगा। जबकि सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और भी मजबूत हुआ है। आज कोई भी इस संविधान पर उंगली उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। वास्तव में जो खत्म हो रहा है वह कांग्रेस पार्टी है, क्योंकि कांग्रेस की नीतियां विफल हो गई हैं।
जिन गरीबों के नाम पर उसने राजनीति की, उन्हें उसने और गरीब बना दिया। कांग्रेस काल में अमीरी और गरीबी के बीच की खाई बढ़ती गई, लेकिन पिछले 11 वर्षों में श्री नरेन्द्र मोदी ने इस खाई को पाटने का काम किया है। गरीबों के जीवन को सम्मान देने का काम निरंतर किया जा रहा है, यही संविधान की सच्ची रक्षा है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर एक आत्मनिर्भर और मजबूत देश के रूप में नई पहचान बनाई है।
आज भारत तेजी से बदल रहा है और देश के 140 करोड़ नागरिक इस बदलाव को अपनी आंखों से देख और महसूस कर रहे हैं। यहीं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक विकसित भारत उभर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डीएससी समाज को दिलाया उनका हक- मंत्री कृष्ण बेदी
सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अन्तोदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि 60-70 वर्षों की पीड़ा और वेदना को समाप्त कर मुख्यमंत्री ने डीएससी समाज को जो हक दिया है, वह ऐतिहासिक और युगान्तरकारी है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक नीति या निर्णय नहीं है, बल्कि शोषितों और वंचितों के सम्मान की रक्षा के लिए उठाया गया एक साहसिक कदम है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को केवल हरियाणा में ही लागू किया गया, जो मुख्यमंत्री की दृढ़ संकल्प और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा आम लोगों के लिए उपलब्ध रहते हैं और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार को जो जनादेश मिला है, वह लोगों का उन पर विश्वास दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्तोदय के सपने को पूरा करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
इस अवसर पर विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, रोहतक के मेयर श्री राम अवतार वाल्मीकि, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन श्री रविन्द्र बलियाला, पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, स्वामी स्वदेश कबीर, पूर्व मंत्री बिशम्भर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री श्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नैयर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण अत्रे सहित डीएससी समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, मजदूर को दिया सम्मान, गरीब व मजदूर की ताकत से ही बनेगा विकसित भारत- मुख्यमंत्री
