हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हांसी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हांसी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में साइबर थाना हांसी में तैनात सहायक उप निरीक्षक प्रेम कुमार ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को फर्जी कॉल, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी नौकरी के विज्ञापन, निवेश के झांसे तथा लिंक भेजकर ठगी का शिकार बना रहे हैं।
सहायक उप निरीक्षक प्रेम कुमार ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करवाकर अपनी राशि को बचाने का प्रयास कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।