हरोली/ऊना, 10 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव बाथू में मुख्य मार्ग पर बना खड्डा लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनता जा रहा है। यह सड़क नूरपुर और गढ़शंकर को जोड़ती है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है।
इस मार्ग के आसपास कई उद्योग स्थापित हैं, जहां हजारों की संख्या में कामगार रोजाना आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क पर बना यह खड्डा दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जिस स्थान पर यह खड्डा बना हुआ है, उसके आसपास कई दुकानें भी स्थित हैं, जिससे ग्राहकों और राहगीरों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। सुरेश कुमार, संजीव कुमार, विप्पन, बिल्ला, गगन शर्मा और जादव सहित अन्य दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) गुलशन कुमार ने बताया कि मामला पहले उनके ध्यान में नहीं था, लेकिन अब जानकारी मिलने के बाद इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।