अंबाला, 15 सितंबर:- नेशनल कैडेट कोर के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ डायरेक्टोरेट ने दिल्ली में 31 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित ‘ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप’ (एआईटीएससी) 2026 में शानदार उपलब्धि हासिल की है। सीनियर विंग की लड़कियों की टीम ने इस कैंप में समग्र रूप से दूसरा स्थान हासिल करके इतिहास रचा है जो कि डायरेक्टोरेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक जीते हैं जिनमें 13 सोने के, 18 चांदी और 1 कांस्य का पदक शामिल हैं। लड़कों की टीम ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 14 पदक जीते जिनमें सर्विस शूटिंग में 4 सोने के पदक और मैप रीडिंग में 1 चांदी और 9 कांस्य के पदक शामिल हैं। कुल मिलाकर पीएचएचपी एंड सी डायरेक्टोरेट के कैडेटों ने 42 पदक जीते और इस प्रतिष्ठित राष्ट्र स्तरीय कैंप में अपनी दृढ़ता, अनुशासन और मुकाबले की भावना का प्रदर्शन किया। डायरेक्टोरेट ने एआईटीएससी के हालिया मुकाबलों में मजबूत रिकॉर्ड कायम रखा है। लड़कों की टीम ने 2024 और 2025 में पहला स्थान हासिल किया था।
पदक विजेताओं को 14 सितंबर 2026 को रोपड़ एनसीसी अकादमी में पीएचएचपी एंड सी डायरेक्टोरेट के एडीजी एनसीसी, मेजर जनरल नरिंदर सिंह (एसएम) द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कैडेटों को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत की सराहना की। एडीजी एनसीसी ने अमृतसर ग्रुप एनसीसी के कमांडर और उनकी समर्पित ट्रेनरों की टीम के प्रयासों की भी प्रशंसा की जिनकी लगातार प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बारीकी से की गई तैयारी ने कैडेटों के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। यह उपलब्धि पीएचएचपी एंड सी डायरेक्टोरेट और एनसीसी के लिए गर्व वाला पल है जो इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले की तैयारी में कैडेटों, एएनओज, पीआई स्टाफ, ट्रेनरों और डायरेक्टोरेट के सामूहिक प्रयासों को दर्शाती है।