रतिया/फतेहाबाद, 2 मार्च:- बिजली बिलों के बढ़ते बोझ से राहत प्रदान करने तथा प्रत्येक घर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से अब आम नागरिक अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाकर मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉक्टर विवेक भारती ने जिला निवासियों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आर्थिक बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पात्र परिवार अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाकर प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकते हैं। इससे एक परिवार प्रति वर्ष लगभग ₹15,000 से ₹18,000 तक की बचत कर सकता है।

**ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध पूर्ण जानकारी
उपायुक्त ने कहा कि इच्छुक नागरिक https://pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा https://mnre.gov.in/ पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन पूर्ण कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से संचालित की जाती है।

**केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है
उपायुक्त डॉक्टर विवेक भारती ने कहा कि केंद्र सरकार सोलर प्लांट की स्थापना के लिए आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है। 1 किलोवाट प्रणाली के लिए ₹30,000, 2 किलोवाट प्रणाली के लिए ₹60,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक प्रणाली के लिए ₹78,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है।

**राज्य सरकार की अतिरिक्त सहायता
उपायुक्त ने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय उनके परिवार पहचान पत्र में ₹180,000 से कम दर्ज है, उन्हें राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है। 2 किलोवाट प्लांट स्थापित करने के लिए कुल ₹110,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है।

**अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का अवसर
इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली को बिजली वितरण कंपनियों को बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। इससे न केवल बिजली बिलों में राहत मिलेगी बल्कि पारिवारिक आय में भी वृद्धि होगी।

**रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण
उपायुक्त ने कहा कि यह योजना सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर कार्बन उत्सर्जन को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। इसके अतिरिक्त, सोलर पैनलों की आपूर्ति, स्थापना और रखरखाव से संबंधित कार्यों के माध्यम से युवाओं और लघु उद्यमियों के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न किए जाएंगे।