नवांशहर- डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने आज जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में बैठकों के दौरान विभिन्न विभागों की कारगुजारी की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा विविध बकाया वसूली के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार के कार्य के लिए लोगों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे लंबित कोर्ट केसों की रिपोर्ट तैयार करें तथा आपसी तालमेल के साथ उनका निपटारा सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से बंटवारे के कोर्ट केस, जमीन के निजी बंटवारे के केस, म्यूटेशन, जमाबंदी तथा वसीयत के निपटारे के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी प्रकार, उन्होंने तहसीलवार रिकवरी तथा स्वामित्व योजना के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से निजी बंटवारा करने तथा पक्षकारों की सहमति होने पर मौके पर ही बंटवारा करने को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि तहसील कार्यालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान उन्होंने अन्य विभागों के प्रदर्शन की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंबित मामलों का निपटारा व रिकवरी कार्य में तेजी लाई जाए- राजेश धीमान
