हरोली/ऊना, 13 जून (राजवीर चोपड़ा):- डॉ. बी. आर. अंबेडकर जन कल्याण फाउंडेशन, हिमाचल प्रदेश द्वारा एडुपेस कोचिंग इंस्टीट्यूट, ऊना के सहयोग से आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के पुरस्कार वितरण समारोह का बचत भवन, ऊना में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। 
प्रतियोगी परीक्षा में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिससे युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष दुर्गा दास हीरा ने की। पूर्व निर्धारित मुख्य अतिथि डॉ. बी. पी. अशोक अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार उनकी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली उड़ान को बम धमकी मिलने के बाद रोक दिया गया था, जिसके चलते वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। हालांकि उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए फाउंडेशन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और युवाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।
समारोह में सेवानिवृत्त एचएएस अधिकारी बी. आर. कमल मुख्य अतिथि तथा सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता संदीप कुमार और आलोक महेश्वरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में अनिरुद्ध को ₹21,000 दिए गए। द्वितीय स्थान पर टाई होने के कारण कपिश, ईशांत और ऋषभ को ₹4,000-₹4,000 की राशि प्रदान की गई, जबकि पूजा देवी को तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹5,000 दिए गए। इसके अलावा परिक्षिता, अनु, पायल, अंबिका, वंश, ईशा, आंचल, नैतिक, प्रदीप, समीक्षा, तान्या, राजवीर और अभिषेक को ₹1,000-₹1,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष दुर्गा दास हीरा, उपाध्यक्ष हरिचंद संधू, राज्य प्रवक्ता शादी लाल हीरा, कार्यकारी महासचिव दिलबाग सिंह, जिला ऊना प्रधान एडवोकेट नरेश कुमार, जिला महासचिव बलराम माहे, मीडिया प्रभारी सुलिन्दर चोपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों तथा एडुपेस कोचिंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक अभिनव धीमान का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।