रतिया, 21 मई:- मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सतपाल मंगला की अगुवाई में एक शिष्टमंडल ने नगरपालिका सचिव शुभम बादल से मुलाकात कर मॉडल टाउन स्थित पांचों पार्कों की जर्जर हालत एवं मूलभूत सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित करवाया। शिष्टमंडल ने जनहित में इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करवाने की मांग की।
शिष्टमंडल में शामिल विनोद जैन,अशोक गर्ग,रामकुमार मेहता,सुरेश मंगला,अमित गोयल,विक्की सिंगला आदि सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों क्षेत्रवासियों, बच्चों एवं बुजुर्गों के उपयोग में आने वाले इन पार्कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। मदर इंडिया स्कूल के पास स्थित पार्क का मुख्य द्वार पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है,जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया है। सभी पार्कों में बाल-क्रीड़ा के झूले जर्जर हालत में हैं और विश्राम हेतु स्थापित अधिकांश बेंचें टूटकर अनुपयोगी हो चुकी हैं।
 पौधों की सिंचाई हेतु पाइप की व्यवस्था न होने से पार्कों की हरियाली नष्ट हो रही है। फुटपाथ जगह-जगह से टूटे होने के कारण बुजुर्गों व बच्चों को आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है। पांचों पार्कों की चारदीवारी अपेक्षाकृत नीची होने के साथ-साथ उनका प्लास्टर भी स्थान-स्थान से उखड़ा हुआ है। डस्टबिन की समुचित व्यवस्था न होने से चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है। 
दीर्घकाल से रंग-रोगन न होने के कारण पार्कों का सौंदर्यीकरण फीका पड़ गया है। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें निष्क्रिय पड़ी हैं तथा कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था का सर्वथा अभाव है,जिससे संध्या होते ही पार्कों में घोर अंधकार छा जाता है और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो जाता है। एसोसिएशन ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन विषम परिस्थितियों के कारण पार्कों की स्वच्छता,सुंदरता एवं सुरक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
 क्षेत्र के नागरिकों,विशेषकर बच्चों,बुजुर्गों व महिलाओं को प्रतिदिन अपार असुविधा झेलनी पड़ रही है। नगरपालिका सचिव शुभम बादल ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी,ताकि मॉडल टाउन के निवासियों को अतिशीघ्र स्वच्छ,सुरक्षित एवं मनोहारी पार्कों की सुविधा उपलब्ध हो सके।