हरोली/ऊना, 17 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- संत ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन में शुक्रवार को स्नातक (यूजी) प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमीक्षा गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. सुमीक्षा गुप्ता ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. उमा रानी, सेवानिवृत्त प्राध्यापिका (संस्कृत विभाग), रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायी व्याख्यान में विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन अपनाने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो. ऋतु जसवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को सीएससीए (CSCA), करियर काउंसलिंग तथा महाविद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. ऋचा शर्मा ने इको क्लब, डॉ. गुरमेल सिंह ने मिड-टर्म परीक्षाओं, प्रो. गुरजीत कौर ने छात्रवृत्ति योजनाओं, डॉ. बूटा राम ने रोवर्स एवं रेंजर्स, प्रो. रमेश ने एनसीसी, प्रो. शिवेंद्र ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-1 वीरेंद्र मोहन ने महाविद्यालय के नियमों एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा लाइब्रेरियन पवन कुमार ने पुस्तकालय की सुविधाओं एवं नियमों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।