करनाल, 27 जुलाई:- केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिला के शत-प्रतिशत गांवों में लाईब्रेरी व शिवधाम प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं और इस कार्य को आगामी 31 मार्च तक संबंधित विभाग के अधिकारी लक्ष्य निर्धारित करके अवश्य पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हर व्यक्ति अपने घर के कार्य को गंभीरता से पूरा करता है, उसी प्रकार से जनता की जरूरतों से जुड़े कार्य को भी अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ करें।
केंद्रीय मंत्री आज यहां जिला परिषद के सभागार में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जिला के 40 गांवों में करवाए जा रहे 9 महत्त्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन 40 गांवों के साथ-साथ जिला के सभी गांवों में लाइब्रेरी, शिवधाम, गांव की फिरनी पक्की करना, स्ट्रीट लाइट, व्यायामशाला, ग्राम सचिवालय, सीवरेज, स्कूल कनेक्टिविटी- कमरे , चारदीवारी, शौचालय, सीवरेज इत्यादि को पूरा करवाने पर भी ध्यान देें। इस कार्य में संबंधित विधानसभा के विधायकगण भी समय-समय पर अधिकारियों के साथ इन कार्यो की प्रगति को लेकर चर्चा करें और ग्राम पंचायतों को भी सहयोग देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त कार्य देखने में छोटे दिखाई देते हैं लेकिन ये कार्य आम जनता की सुख सुविधा के लिए बड़े महत्त्वपूर्ण हैं।
बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुछ बड़ी ग्राम पंचायतों के अपने फंड अधिक हैं, वहां पर इन कार्यों को पूरा करवाने में ग्राम पंचायत से सहयोग लिया जाए और सरकार, सांसद निधि, विधायक निधि, डी-प्लान के बजट से गांव में अन्य विकास कार्य करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि एक-एक पैसा जनता का है, इसका सही प्रयोग किया जाए। इसके लिए विकास कार्यो की अनुमानित लागत सही तरीके से तैयार किया जाना जरूरी है। उन्होंने अपने प्रतिनिधि को भी निर्देश दिए कि वे संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों के लिए तैयार किए जाने वाले अनुमानित लागत को भी समय-समय पर चेक करें और कम खर्च में गुणवत्ता आधारित विकास कार्यों को पूरा करवाएं। उन्होंने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता अमरनाथ सौदा को जिला में बन रहे शिवधाम को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे इन शिव धामों में करवाए जा रहे कार्यों पर निगरानी रखेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता के कामों को पूरा करवाने के लिए वचनबद्ध है। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों में 5-5 गांवों के अलावा 40 गांवों में चल रहे 9 कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाएं। इसके लिए ग्राम पंचायतों का सहयोग करें। इन पर विशेष ध्यान दें और नई स्कीमों के प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में जगह की कमी है, वहां पर डीसी स्वयं संज्ञान लें और इस कार्य में विधायकगण भी सहयोग करें।
**ग्राम सचिवालय में ही बैठें ग्राम सचिव**
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम पंचायत की सुख सुविधा के लिए ग्राम सचिवालय की स्थापना करवाई जा रही है। लेकिन मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सचिवालय में ग्राम सचिव बैठकर कार्य करने की बजाय सरपंचों के घर से ही कार्य कर रहे हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए, ग्राम सचिव ग्राम सचिवालय में ही बैठना सुनिश्चित करें और यहीं पर ही ग्राम पंचायत का कार्य किया जाए। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो की प्रस्तावित दौरों के दौरान समीक्षा की जाती है। इस दौरान नए कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति मुख्यालय से दिलवाने के लिए उच्च अधिकारियों से बातचीत की जाती है। विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। करनाल जिला की 395 ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेज गति से कार्य हो रहा है और पिछली बैठक की अपेक्षा इस बैठक में विकास कार्यो की प्रगति काफी अच्छी नजर आई है।
बैठक में डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया और कहा कि दिशा-निर्देशों की दृढ़ता से पालना की जाएगी तथा विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाया जाएगा। बैठक में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, हरियाणा विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं इंद्री विधायक राम कुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेनू बाला गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कवींद्र राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता अमरनाथ सौदा व बृज गुप्ता, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
