संतोषगढ़/ऊना, 2 जून (राजवीर चोपड़ा): नगर परिषद (एनएसी) संतोषगढ़ के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 5 जून 2026 को दोपहर 2:30 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान सभी निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद नगर परिषद के गठन से जुड़ी आगामी प्रक्रियाओं को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि नगर परिषद को उसी दिन नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिल सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय प्रशासनिक प्रक्रिया और निर्वाचित पार्षदों की सहमति के बाद ही होगा।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों के उपस्थित रहने की संभावना है। नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।
स्थानीय लोगों को नई नगर परिषद से शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और समारोह को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
एनएसी संतोषगढ़ में 5 जून को होगा नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन पर भी रहेगी नजर
