करनाल, 27 फरवरी:- अब बच्चों की सुरक्षा के लिए तकनीक जूतों तक पहुंच गई है। लिबर्टी शूज ने बच्चों के लिए खास स्कूल शूज तैयार किए हैं, जिनमें जीपीएस तकनीक से युक्त विशेष चिप लगाई गई है। इस तकनीक की मदद से अभिभावक अपने मोबाइल फोन के जरिए अपने बच्चे की लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे।
कंपनी के सीईओ रमण बंसल ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है। उनके अनुसार, आज के समय में अभिभावकों की सबसे बड़ी चिंता बच्चों की सुरक्षा है। जीपीएस चिप के माध्यम से बच्चे की वास्तविक समय (रियल-टाइम) लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी, जिससे आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि बाजार के रुझान और ग्राहकों की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए कंपनी बच्चों के फुटवियर सेगमेंट में लगातार नए प्रयोग कर रही है। जीपीएस तकनीक से युक्त ये स्कूल शूज न केवल सुरक्षा को नया आयाम देंगे, बल्कि भारतीय फुटवियर उद्योग में तकनीक आधारित अनुसंधान आर एंड डी का उदाहरण भी पेश करेंगे।
कंपनी को उम्मीद है कि यह नवाचार अभिभावकों के बीच विश्वास कायम करेगा और बच्चों के जूतों के बाजार में नई पहचान बनाएगा।
रमन बंसल ने बताया कि इससे पहले कंपनी विश्व का पहला शाकाहारी (वेजिटेरियन) जूता भी तैयार कर चुकी है। इसके अलावा शुगर के मरीजों के लिए ट्रैकर युक्त जूते, सियाचिन में तैनात सेना के जवानों के लिए विशेष जूते, खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स शूज तथा शादी के सीजन में दूल्हों के लिए खास फुटवियर भी तैयार किए गए हैं।
लिबर्टी अपने यहां आर एंड डीको विशेष प्राथमिकता दे रही है। कंपनी के उत्पादों की कीमत 100 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक है।