हिसार:- चार्टर्ड अकाउंटेंट की संस्था एनआईआरसी हिसार ब्रांच द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। सीमाओं से आगे बढक़र उठो, अपने आप को बदलो और नेतृत्व करो के नारे के साथ महिला सदस्यों की एक्सीलेंस कमेटी द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गाते व नाचते हुए महिला सदस्यों ने एक-दूसरे को महिला दिवस की बधाई दी और केक काटकर उसका वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में महिला सदस्यों का उत्साह व जोश देखने लायक रहा।
सेक्टर 16-17 के इंस्टीट्यूशनल एरिया में स्थित आईसीएआई भवन में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में हिसार ब्रांच की पूर्व चेयरमैन सीए आशा जैन, प्रसिद्ध साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुमन बहमानी व प्रसिद्ध महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी बंसल सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां मौजूद रही। इस अवसर पर महिला सदस्यों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया। इस सत्र में विभिन्न बीमारियों, उनके कारण व निवारण पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्यस्थल पर एवं परिवार में तनाव रहित वातावरण बनाए रखने के उपायों को भी साझा किया गया।
एनआईआरसी हिसार ब्रांच के चेयरमैन सीए अजय गोयल ने महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। यही कारण है कि सीए के कार्य में भी महिलाएं अपनी सशक्त भागीदारी निभा रही हैं। इस कार्यक्रम के आयोजन में वाइस चेयरमैन सीए विशेष भारद्वाज, सचिव सीए राजेश सिहाग, कोषाध्यक्ष सीए सुनील गोदारा, एनआईसीएएसए चेयरमैन सीए प्रतीक आर्य, एनआईआरसी हिसार ब्रांच के पूर्व चेयरमैन सीए अमन बंसल, कार्यकारी सदस्य सीए मुकुल मित्तल व एक्स ऑफिशियो सदस्य सीए रतन सिंह यादव सहित तमाम पदाधिकारी व सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
एनआईआरसी हिसार ब्रांच ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
