करनाल, 3 फरवरी:- नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के निर्देश पर निगम की दुकानों का किराया न भरने वाले किराएदारों की दुकानों को सील करने की कार्रवाई एक बार फिर तेज कर दी गई है। इसके तहत प्रवर्तन दल द्वारा 15 बकाया किराएदारों की सूची तैयार कर ली गई है, जिन पर नगर निगम जल्द ही कार्रवाई करने जा रहा है। इनमें 12 दुकानें गांव उचानी, 1 कर्ण पार्क मार्केट तथा 2 दुकाने गांव कम्बोपुरा की शामिल हैं। इन दुकानों पर 5 लाख 49 हजार 129 रुपये का बकाया है।
                 निगमायुक्त ने बताया कि इन किराएदारों को अंतिम नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करवाने के लिए कहा गया था, परंतु उन द्वारा नोटिस की पालना नहीं की गई। अब नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा इन दुकानों को सील कर अपने कब्जे में लिया जाएगा। इन किराएदारों के विरूद्घ हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात दुकान के किराए की वसूली सम्बंधित किराएदार से की जाएगी।
                 नगर निगम द्वारा की गई रिकवरी की जानकारी देते उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक करीब 85 लाख रुपये की वसूली की गई है। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में 13 लाख 51 हजार 364 रुपये की वसूली की गई है। इस राशि में बकाया व ब्याज दोनो सम्मिलित हैं। उन्होंने सभी किराएदारों से अपील की है कि वह अपना किराया जल्द से जल्द नगर निगम के खजाने में जमा करवा दें।