करनाल 6 जनवरी: नगर निगम करनाल का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। शहर को साफ-सुथरा व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मंगलवार को जोन नम्बर 1 के बसंत विहार रोड से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान टीम ने सडक़ पर अवैध रूप से रखे करीब तीन-चार खाली खोखो को अपने कब्जे में लिया तथा दुकानदारों द्वारा बाहर रखे हुए सामान को अंदर करवाया गया।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि शहर को अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में बसंत विहार रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया और जिन दुकानदारों ने अपनी सीमा से बाहर सामान व बोर्ड रखे हुए थे, उन्हें अंदर करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले इस क्षेत्र की तीन-चार दिनों तक मुनादी करवाकर सभी दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों को अपना सामान सीमा में रखने बारे जागरूक किया गया था। कार्रवाई के दौरान काफी दुकानदारों का सामान अंदर मिला और जिनका सामान बाहर रखा हुआ था, उसे अंदर करवाया गया है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते कहा की अभी तो केवल सामान अंदर करवाया जा रहा है, अगली बार सडक़ पर रखा सामान ही जब्त करने के साथ-साथ चालान भी किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि इस तरह के अभियान न केवल शहर को साफ-सुथरा बनाते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाते हैं और लोगों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि दुकानदार व रेहड़ी-फड़ी वाले खुद जागरूक बने और अतिक्रमण करने की आदत को छोड़ें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से दुकान का सामान अपनी सीमा में रखने के निर्देश जारी किए हुए हैं, दुकानदार उसका पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सडक़ों व बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम का अभियान जारी रहेगा।
प्रवर्तन दल में नगर निगम की सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार तथा मोटीवेटर दीपमाला व महेन्द्र कुमार मौजूद रहे।
सड़क पर नहीं चलेगी दबंगई निगम का एक्शन मोड ऑन
