हरियाणा/हिसार: उकलाना गांव को नगर पालिका में शामिल हुए लगभग 12 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज भी क्षेत्र के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। सड़कों पर गंदा पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव का मुख्य मार्ग, जो एक ओर सिरसा और दूसरी ओर चंडीगढ़ को जोड़ने का काम करता है, उस पर कई जगहों पर लगभग एक-एक फुट तक गंदा पानी जमा रहता है। यह समस्या नई नहीं बल्कि कई वर्षों से चली आ रही है। इसको लेकर स्थानीय लोग कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं और प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
स्थानीय निवासी देवराज ने बताया कि सड़कों पर गंदा पानी जमा रहने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कत होती है। कई बार बच्चों को अन्य रास्ता ढूंढना पड़ता है या वे स्कूल नहीं जा पाते। उन्होंने बताया कि पानी निकालने के लिए जो इंजन लगाया गया है, वह लगातार 10 घंटे चलने के बाद खराब हो जाता है। नगर पालिका को चाहिए कि नियमित और बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि समस्या का समाधान हो सके।
सरबजीत सिंह ने कहा कि हम तो बुजुर्ग हो चुके हैं, लेकिन बच्चों की शिक्षा का ध्यान रखते हुए नगर पालिका को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
वहीं कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर पालिका सचिव के पास जब भी समस्या लेकर जाते हैं तो आश्वासन देकर भेज दिया जाता है, लेकिन समाधान नहीं होता।
स्थानीय निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता रोशनी देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं के समाधान की अपील करते हैं, लेकिन यहां अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय वोट मांगने के लिए नेता आते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं करते। इस बार यदि समाधान नहीं हुआ तो वोट नहीं दिया जाएगा।
रेसमा ने बताया कि गंदे पानी के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और घायलों की प्राथमिक चिकित्सा भी स्थानीय लोगों को ही करनी पड़ती है।
अंजु ने कहा कि उनके घर की दीवार गिरने की स्थिति में है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया।
पूर्व पंच श्यामलाल ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है।
पीड़ित लोगों ने सरकार और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस मौके पर देवराज, कुलदीप सिंह, श्यामलाल, राजेश कुमार, सरबजीत सिंह, कृष्ण कुमार, सिमरनजीत सिंह, सूरजभान, सरवन सिंह, बलराम, करण सिंह, मुकेश कुमार, सलाल, सोहनलाल, शिवकुमार, लक्ष्मी, रोशनी, रेशमा, सरस्वती, मुन्नी देवी, संतरो, कृष्णा, मनीराम, धर्मेंद्र, रेखा और रामप्यारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका सचिव संदीप शर्मा से इस विषय को लेकर समाधान के लिए बात करनी चाहिए तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया ।