हरोली/ऊना, 3 अगस्त:- संत ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी नामांकन (एनरोलमेंट) प्रक्रिया सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस दौरान कुल 20 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार आयोजित किए गए।
चयन प्रक्रिया का संचालन चयन बोर्ड द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह ने की। चयन बोर्ड में पीआई स्टाफ के सूबेदार राकेश कुमार एवं उनकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके पश्चात महाविद्यालय में एनसीसी कैडेटों के लिए प्रमाण-पत्र वितरण एवं रैंक अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान अंडर ऑफिसर हिमानी ठाकुर, सार्जेंट हीना, कॉर्पोरल अक्षय कुमार तथा लांस कॉर्पोरल गुरप्रीत कौर और रोहिणी को उनकी निर्धारित रैंक प्रदान की गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट रमेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता ने कैडेटों को रैंक अलंकृत करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर प्रोफेसर रितु जसवाल, प्रोफेसर रिचा शर्मा, प्रोफेसर गुरजीत कौर, प्रोफेसर शिवेंद्र, अधीक्षक ग्रेड-1 वीरेंद्र मोहन सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ।