हांसी:–नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न गांवों तथा शहर की कॉलोनियों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
नायब तहसीलदार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर के दौरान दयाल सिंह कॉलोनी के निवासियों ने नाले की सफाई की समस्या रखी, जिस पर नायब तहसीलदार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत नाले की सफाई करवाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
इसी प्रकार जवाहर नगर कॉलोनी के निवासियों ने बिजली के तार नीचे होने की शिकायत दर्ज करवाई। इस पर नायब तहसीलदार ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तारों को शीघ्र प्रभाव से ऊंचा करवाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। शिविर में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार ने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है राज्य सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह के हर सोमवार तथा वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने सुनी जनसमस्याएं अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
