संतोखगढ़/ऊना, 1 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- भारत सरकार द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नगर परिषद संतोषगढ़ द्वारा वीरवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बाल विद्यालय संतोषगढ़ के एनएसएस स्वयंसेवियों, सफाई सेवकों तथा स्थानीय नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की शपथ ली। इस अवसर पर नगर परिषद के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण केवल नगर परिषद या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों, गलियों, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।

इसके उपरांत स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से नगर परिषद कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एनएसएस स्वयंसेवियों, नगर परिषद प्रतिनिधियों, सफाई सेवकों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा नगरवासियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान नगर परिषद के प्रतिनिधि एवं अन्य प्रतिभागी स्वयं विभिन्न स्थानों पर कूड़ा-कचरा एकत्रित करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया गया तथा जहां आवश्यक था, वहां नगर परिषद के सफाई सेवकों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एनएसएस स्वयंसेवियों तथा सफाई सेवकों को सम्मानित किया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर उनके द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई तथा भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

नगर परिषद की अध्यक्षा अंजना चब्बा ने कहा कि संतोषगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नगर बनाने के लिए नगर परिषद लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगरवासियों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाने की अपील की।

नगर परिषद के उपाध्यक्ष संदीप पहेश सहित अन्य पार्षदों और अधिकारियों ने भी स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, नगरवासियों, एनएसएस स्वयंसेवियों, सफाई सेवकों तथा नगर परिषद के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों को रिफ्रेशमेंट भी वितरित की गई।

इस अवसर पर नगर परिषद की अध्यक्षा अंजना चब्बा, उपाध्यक्ष संदीप पहेश, पार्षद अंजू वाला, चरणजीत कौर, इकबाल सिंह, कुसुम लता, ज्योति सैनी, समीर गौतम, नगर परिषद के जे.ई अर्श रतन, स्टाफ सदस्य जसविंदर सिंह, सेनेटरी सुपरवाइजर शामली, महक, रूचि सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी, एन.एस.एस स्वयंसेवी, सफाई सेवक तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।