करनाल 29 अगस्त:- सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच नगर निगम करनाल की सैनिटेशन टीम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध तमाम संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से कचरा उठाने तथा शहरवासियों को सफाई संबंधी परेशानियों से राहत दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगम द्वारा अपने उपलब्ध संसाधनों को पूरी क्षमता के साथ सफाई कार्य में लगाया गया है। घर-घर से कचरा एकत्र करने के लिए डोर-टू-डोर टिप्पर वाहन भेजे जा रहे हैं और करीब 90 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। निगम की टीम द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक क्षेत्रों को कवर करते हुए घरों से नियमित रूप से कचरा उठाया जाए।
**कचरा संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर:
निगमायुक्त ने बताया कि शहर में करीब 30 कचरा संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाया गया जिन स्थानों पर दोबारा कचरा डाला गया है, वहां से भी कचरा उठाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को केवल एक बार साफ करके छोड़ने के बजाय संवेदनशील स्थानों पर दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए निगम की सैनिटेशन टीम लगातार निगरानी एवं सफाई कार्य कर रही है।
**करीब 250 मीट्रिक टन उठाया कचरा:
उन्होंने बताया कि शनिवार को चलाए गए सफाई अभियान में करीब 250 मीट्रिक टन कचरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से उठाकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र तक पहुंचाया गया है। निगम के अधिकारी एवं सैनिटेशन टीम के कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं तथा जहां भी अधिक मात्रा में कचरा जमा होने की सूचना मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का प्रयास है कि हड़ताल की स्थिति के बावजूद शहरवासियों को सफाई व्यवस्था के कारण कम से कम परेशानी हो। इसके लिए उपलब्ध मशीनरी, वाहन एवं मानव संसाधनों का समुचित उपयोग किया जा रहा है।
**शहर को स्वच्छ रखने के लिए निगम प्रशासन प्रतिबद्ध:
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम करनाल शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। शहर में जमा कचरे को जल्द से जल्द उठाकर निर्धारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि गंदगी के कारण नागरिकों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ प्रदूषण को भी नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को एकत्र करके रखें और उसे नगर निगम में वाहनों में ही डालें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। खुले स्थानों, सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें और कचरे को इधर-उधर फैलाने से बचें।
**सफाई कार्य में अवरोध डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई:
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न करता है या निगम की सैनिटेशन टीम को कार्य करने से रोकता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था बाधित होने का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है और इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सफाई कार्य में किसी भी प्रकार का अवरोध बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
**लगातार जारी रहेगा सफाई अभियान:
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य एवं सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। सफाई अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करते हुए कचरा उठाने एवं संवेदनशील स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और वर्तमान परिस्थितियों में भी नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
