भिंड/मध्य प्रदेश:- मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छीमका गांव के पास देर रात एक पिकअप वाहन और डंपर ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, ये सभी मजदूर ग्वालियर के चिनौर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम निपटाकर पिकअप वाहन से अपने घर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हाईवे पर बैठे मवेशियों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिसके कारण वाहन गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से सीधे जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई मजदूर वाहन के अंदर ही फंस गए। हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को पहले गोहद के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनके परिजनों से संपर्क करना शुरू कर दिया है।
