रतिया, 6 जून (पैगाम-ए-जगत):- रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा, ब्लॉक रतिया की मासिक बैठक का आयोजन नूर गार्डन, रतिया में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान सुखविंदर सिंह ने की, जबकि संचालन सचिव गुरप्रीत सिंह नैन ने किया। बैठक की शुरुआत सेवानिवृत्त कर्मचारी रामनाथ, जोगिंदर सिंह तथा दिल्ली के एक होटल में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान बलदेव सिंह ने देश पर लगातार बढ़ रहे कर्ज पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक होने के नाते अब सभी का दायित्व बनता है कि वे समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आम लोगों को जागरूक करें। इसी क्रम में बलिंद्र शर्मा ने देश और प्रदेश की जीडीपी पर विस्तार से अपने विचार रखे तथा रुपये की गिरती कीमत के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सरकारी एवं गैर-सरकारी स्तर पर हो रहे फिजूल खर्चों पर रोक लगाने तथा बचत को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से ही आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाना चाहिए।
जिला प्रधान भोला सिंह ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कच्चे, अनुबंधित और एडहॉक कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए ताकि उन्हें रोजगार सुरक्षा मिल सके। वहीं गुरप्रीत सिंह ने प्रशासन का ध्यान रतिया शहर में बरसाती पानी की निकासी की समस्या की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि बरसात का मौसम निकट है, लेकिन शहर में जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान पूरा शहर झील का रूप धारण कर लेता है, फिर भी प्रशासन इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है।
उन्होंने वार्ड नंबर 5 स्थित कलर कॉलोनी की गली का मुद्दा भी उठाया और बताया कि गली को उखाड़े हुए एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है। निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और पिछले एक माह से केवल पत्थर डालने के बाद काम बंद है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधान सुखविंदर सिंह ने कहा कि सरकार को पेंशनरों की लंबित मांगों को शीघ्र स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और आए दिन सामने आ रहे घोटालों पर चिंता व्यक्त करते हुए इन पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। बैठक के दौरान पूर्व प्रधान बलबीर सिंह और हरभजन सिंह थिंद ने भी संगठन की सदस्यता बढ़ाने का आह्वान किया तथा अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संघ से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लॉक रतिया की मासिक बैठक संपन्न विभिन्न सामाजिक और जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा
