हिसार:–युवा समाजसेवी शुभम वलेचा ने हिसार शहर में मानसून से पूर्व बरसाती पानी की निकासी के पर्याप्त प्रबंध न किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मानसून की दस्तक के बावजूद नगर निगम और प्रशासन की तैयारियां अभी तक अधूरी हैं। बरसाती नालों की सफाई और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य समय रहते पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों को खोदकर छोड़ दिया गया है। 
यदि आज-कल में तेज बारिश हुई तो शहर में जलभराव के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी। युवा समाजसेवी शुभम वलेचा ने कहा कि पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के दौरान हिसार के अधिकांश क्षेत्रों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। गत वर्ष की परेशानियों से सबक लेने के बजाये इस वर्ष भी प्रशासन की कार्यशैली लापरवाहीपूर्ण दिखाई दे रही है। 
उन्होंने कहा कि नालों की सफाई और सीवरेज सुधार का कार्य मानसून शुरू होने से पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन आज भी शहर के अनेक हिस्सों में कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने विशेष रूप से हिसार की ऑटो मार्केट का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई के नाम पर नालों के स्लैब उखाड़कर बीच रास्तों में छोड़ दिए गए हैं। खुले पड़े नाले और बिखरे स्लैब व्यापारियों, ग्राहकों तथा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। बारिश होने पर इन खुले नालों में पानी भर जाएगा, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
युवा समाजसेवी शुभम वलेचा ने कहा कि शहर के अनेक सेक्टरों और कॉलोनियों में सीवरेज लाइनों की सफाई तथा नई लाइनें बिछाने का कार्य अभी तक अधूरा है। यह स्थिति नगर निगम की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समय रहते पूरे करने चाहिए थे।
उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि शहर में चल रहे सभी सीवरेज एवं नाला सफाई कार्य को युद्ध स्तर पर शीघ्र पूरा करवाया जाए। जिन स्थानों पर नालों के स्लैब हटाए गए हैं, उन्हें तुरंत पुन: व्यवस्थित ढंग से लगाया जाए तथा खुले नालों को सुरक्षित रूप से ढककर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। आईटीआई, शांति नगर के पास अधिकारियों की लापरवाही की वजह से 100 से 150 फुट की सड़क दोनों साइड से उखाड़ दी गई है, बाद में पता लगा कि पाइप यहां नहीं दूसरी जगह डालनी है तो फिर दूसरी साइड डाली गई, वो भी पूरी नहीं डाली गई। 
आसपास के दुकानदारों व क्षेत्र वासियों के अलावा यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुभम वलेचा के अलावा क्षेत्र वासियों राजू असीजा, दिनेश कुमार, प्रिंस असीजा, साहिल कथूरिया, यमन बतरा, अनिल तनेजा, बलराज, पप्पू आदि ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए तथा मानसून के आगमन को देखते हुए नगर में समुचित प्रबंध करने का अनुरोध किया है।