चंडीगढ़- पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने मोहाली–राजपुरा रेललाइन की उनकी मांग पूरी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने पंजाब को एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि अपने चुनावी वादे को पूरा करने के लिए वह लगातार रेल मंत्री से मिल रहे थे और आज उनकी कोशिशें रंग लाई हैं । उन्होंने कहा कि 18 किलोमीटर लंबी मोहाली–राजपुरा रेल लाइन, क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए वरदान साबित होगी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इस रेललाइन से न केवल परिवहन सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा, बल्कि दिल्ली जाना और सामान की आवाजाही करना भी आसान हो जाएगा। साथ ही, मोहाली की इंडस्ट्री को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे इलाकावासियों के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू का आभार प्रकट किया।
उन्होंने आगे कहा कि दूसरा तोहफ़ा फिरोज़पुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस है, जिससे मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को तेज़ व आरामदायक सुविधा मिलेगी।
डॉ. शर्मा ने कहा, “मोदी सरकार सदैव पंजाब के हित और खुशहाली के लिए काम कर रही है। आने वाले समय में और भी विकास परियोजनाएं राज्य को मिलेंगी।”
जनता के लिए वरदान बनेगा मोहाली–राजपुरा रेल लिंक : डॉ. सुभाष शर्मा
