हांसी:- हांसी-जींद रोड जिला सचिवालय के निकट स्थित महाराजा अग्रसेन चौक के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शनिवार को विधायक विनोद भयाना ने विधिवत शुभारंभ किया।  लगभग साढ़े 47 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य को तीन माह के भीतर पूरा किया जाएगा। चौक के पुनर्निर्माण से न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।
विधायक विनोद भयाना ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरों और गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हांसी शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों और महत्वपूर्ण चौकों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन चौक शहर की पहचान से जुड़ा हुआ स्थान है और इसके जीर्णोद्धार से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ शहर की छवि भी और अधिक आकर्षक बनेगी।
 विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है। हांसी में सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा किया जाए ताकि आमजन को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।
इस दौरान अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक विनोद भयाना के समक्ष महाराजा अग्रसेन चौक के निकट स्थित शराब के ठेके को हटाने की मांग रखी। समाज के लोगों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के नाम से बने चौक के समीप शराब का ठेका होना सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से उचित नहीं है। मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक विनोद भयाना ने मौके पर ही संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से मोबाइल फोन पर बातचीत की तथा ठेके को अन्यत्र स्थानांतरित करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
 विधायक की इस त्वरित पहल पर अग्रवाल समाज के लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता है तथा जनता से जुड़े हर उचित मुद्दे का समाधान कराने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। चौक के पुनर्निर्माण के दौरान आधुनिक डिजाइन, आकर्षक लाइटिंग एवं सौंदर्यीकरण संबंधी कार्य भी किए जाएंगे, जिससे यह चौक शहर का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा। 
विधायक विनोद भयाना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हांसी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए सभी के सहयोग से विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुभाष गोयल ,नगर परिषद के चेयरमैन प्रवीण इलाहाबादी, राजपाल यादव, मार्केट कमेटी के प्रधान दिनेश धवन,उपप्रधान सुरजीत गुर्जर ,सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान अनिल चावला, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल, प्रवीन तायल, तनुज खुराना,सुनील सिंगला,सुभाष यादव ,श्याम खांडा, सुनील सिंगला सोनू जांगड़ा, नवीन ठाकुर,जयदीप सैनी,विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।