हांसी:- विधायक विनोद भयाना ने शनिवार को हलके के गांव धमाणा तथा हांसी शहर में 2 करोड़ रुपए लागत की सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
विधायक विनोद भयाना ने धमाणा गांव में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ व सबका विकास के सिद्धांत पर चलकर तेज गति से प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर रही है।
जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश के हर क्षेत्र तथा वर्ग के लोगों में भाजपा के प्रति विश्वास और प्रगाढ़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि धमाना एक छोटा सा गांव है और यहां करोड़ों रुपए के विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, इस बात से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बड़े गांवों व शहरों में विकास की गति कितनी तीव्र होगी।
उन्होंने कहा कि हलके के किसी भी गांव के विकास में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जा रही है। लोगों की मांग के अनुरूप विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस उद्देश्य को पूरा करने में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
विधायक ने धमाणा गांव में 18 लाख रुपए की लागत से बनी स्कूल की चार दिवारी, 10 लाख रुपए की लागत से बने वॉलीबॉल मैदान, 55 लाख की लागत से बनी तालाब की रिटेनिंग वॉल, 19 लाख 55 हजार रूपए से कृष्ण के घर से दयाराम के घर तक बनी गली के का उद्घाटन किया। इन पांचो विकास परियोजनाओं पर लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है।
धमाणा गांव के ग्रामीणों ने गांव में अधूरे पार्क का निर्माण कार्य पूर्ण करवाने, लाइब्रेरी स्थापित करवाने, ओपन जिम स्थापित करवाने, विद्यालय में साइकिल स्टैंड शेड बनवाने सहित कई विकास कार्यों की भी मांग की। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इन सभी कामों को पूर्ण करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए की इन सभी विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर संबंधित विभाग को भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि इन सभी विकास कार्यों को तेजी से सिरे चढ़ाया जा सके।
विधायक ने हांसी शहर में धतरवाल अस्पताल से बबलू आटा चक्की वाले के घर तक 39 लाख रुपए की लागत से बनने वाली गली, हुकुमचंद जैन पार्क में 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाले ट्रैक के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि यह दोनों विकास कार्य आगामी 5 माह के अंदर पूर्ण करवा दिए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दोनों विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने तथा बढ़िया गुणवत्ता की निर्माण सामग्री प्रयुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा लगता है, अगर किसी भी विकास कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया तो संबंधित विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष प्रवीन ऐलावादी, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, सुभाष यादव,विनोद सैनी, तनुज खुराना, नवीन ठाकुर, राजबाला, गोलू चावला, राजू बत्रा, मीनू मुआल, राजकुमार खुडिया ,गुरदीप कुमार, मुकेश, बबल खुराना विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा, करतार सिंह अनूप सिंह तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
विधायक विनोद भयाना ने 2 करोड़ लागत की सात विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
