होशियारपुर- शहर के विकास को गति देते हुए विधायक ब्रह्मशंकर जिम्पा ने वार्ड नंबर 47 में विभिन्न गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा ये निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 विधायक जिम्पा ने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ उपलब्ध करवाई जाएं। 
विधायक ने आगे कहा कि वार्ड के लोगों द्वारा समय-समय पर जो भी समस्याएं उन्हें बताई जाती हैं, उनके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि हलके की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
 इस अवसर पर होशियारपुर नगर निगम के मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी व डिप्टी मेयर रणजीत चौधरी, वार्ड पार्षद विमला देवी, नीलम वालिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।