करनाल,13 अप्रैल:- करनाल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। हरियाणा के करनाल में सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मुनक से करनाल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुनक रोड पर नाकाबंदी कर दी। 
कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने रास्ता बदलकर दाहा बजीदा रोड की ओर रुख कर लिया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे में बाइक असंतुलित होकर गिर गई। गिरने के बाद भी दोनों बदमाश भागने लगे और पुलिस पर दोबारा गोलियां चलाईं। 
इस दौरान एक गोली पुलिसकर्मी मनोज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई, जबकि दूसरी गोली एक अन्य पुलिसकर्मी के सिर के ऊपर से निकल गई। पुलिस ने कई बार चेतावनी दी, लेकिन जब आरोपी नहीं रुके तो पहले हवाई फायरिंग की गई और फिर टांगों को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्टल, 100 से ज्यादा जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई। घायल बदमाशों को तुरंत करनाल के नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत जिले के गांव जाजल निवासी रौनक और गढ़ मलिकपुर निवासी इमरान के रूप में हुई है। रौनक की बाईं टांग और इमरान की दाईं टांग में गोली लगी है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
सब-इंस्पेक्टर लछमण सिंह ने बताया कि आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वे हथियार कहां से लाए और किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।