हांसी, 05 सितंबर:- जिला सचिवालय स्थित वीसी सभागार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त राहुल नरवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ सेवा संकल्प अभियान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
जिला स्तरीय बैठक में उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम की रूपरेखा पहले से तैयार करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया, सेवा मेरा योगदान, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ना और सेवा एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस अधिकारी की ड्यूटी जिस गतिविधि के आयोजन को लेकर लगाई जाए, वे अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, गंभीरता और समर्पण के साथ निभाना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समय पर व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि अभियान से संबंधित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा समाज के अन्य वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उन्हें जनभागीदारी से जोड़कर प्रभावी बनाया जाए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि के लिए निर्धारित स्थान, समय, आवश्यक संसाधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी तथा अन्य व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा कर ली जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की गतिविधिवार कार्ययोजना तैयार की जाए और संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर अपनी तैयारियों एवं कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी। उपायुक्त ने अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को हांसी जिले में व्यापक जनभागीदारी और प्रभावी समन्वय के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को सेवा और समर्पण की भावना के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, बीईओ सुनील कुमार तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर डीसी राहुल नरवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
