हरोली/ऊना, 17 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा के पदाधिकारियों ने पंजाब के गढ़शंकर क्षेत्र स्थित पवित्र धार्मिक स्थल खुरालगढ़ साहिब के आसपास शराब के ठेके खोले जाने पर कड़ा विरोध जताया है। महासभा का कहना है कि साहिब सतगुरु रविदास महाराज जी के चरणों से जुड़ी इस पावन भूमि पर इस तरह के ठेके खोले जाना श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि खुरालगढ़ साहिब एक अत्यंत पवित्र स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल के समीप शराब के ठेके होना न केवल अनुचित है, बल्कि आस्था के विरुद्ध भी है। महासभा ने मांग की है कि इन ठेकों को तुरंत बंद किया जाए।
महासभा के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो 22 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय गढ़शंकर के बाहर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस संबंध में महासभा के पदाधिकारी अमित वाल्मीकि ने कहा कि संगठन धार्मिक सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।