संतोखगढ़/ऊना, 29 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- संतोखगढ़ में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ख्वाजा मंदिर के समीप स्थित पुल पर इंडियन ऑयल के टैंकर और सामने से आ रहे दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीनों वाहनों के चालक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडियन ऑयल का टैंकर टाहलीवाल से संतोखगढ़ की ओर आ रहा था, जबकि दो टिप्पर संतोखगढ़ से टाहलीवाल की दिशा में जा रहे थे। पुल के पास अचानक तीनों वाहनों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों चालक अपने-अपने वाहनों में फंस गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत संतोखगढ़ की डिस्पेंसरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के कारण टाहलीवाल–संतोखगढ़ मार्ग करीब पांच घंटे तक बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो गए। पुल संकरा होने के कारण क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने में काफी समय लगा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से मार्ग को साफ किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही संतोखगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने यातायात बहाल करवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार रात करीब 9 बजे गौशाला चौक पर भी एक अन्य सड़क हादसा हुआ था, जिसमें पुलिस मौके पर मौजूद रही।
संतोखगढ़ में बड़ा सड़क हादसा टला टैंकर व टिप्परों की टक्कर में तीन चालक घायल
