संतोखगढ़/ऊना, 28 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- संतोखगढ़ के गौशाला चौक पर शनिवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब टाहलीवाल की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग व बोनट के बीच फंस गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय युवाओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

संभावित कारण:
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।