करनाल, 6 जून:- करनाल जिले के तारावड़ी के पास शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दिल्ली से मनाली जा रही एक वोल्वो बस, एक ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आपस में टकरा गए। जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी वोल्वो बस हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में बस में सवार कई यात्रियों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल तारावड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मारी थी, जिसके बाद यह श्रृंखलाबद्ध हादसा हुआ।
वहीं बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे और अचानक जोरदार झटका लगने से उनकी नींद खुली। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।
तारावड़ी में हाईवे पर बड़ा हादसा वोल्वो बस समेत तीन वाहन भिड़े 8 घायल
