संतोषगढ़/ऊना, 15 जून (राजवीर चोपड़ा):- मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा शुरू किए गए "नशा मुक्त हिमाचल" अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने 63.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जिला पुलिस ऊना द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 15 जून 2026 को एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टाहलीवाल रोड, संतोषगढ़ में एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई 63.32 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने इस मामले में मोटरसाइकिल चालक तथा उसके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति सतीश कुमार और मंजीत कुमार, दोनों पुत्र गुलजार चंद निवासी गांव जैजों, तहसील एवं जिला होशियारपुर (पंजाब) के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की पड़ताल करते हुए यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

**जिला पुलिस की अपील**
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें नशे की गिरफ्त से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस की कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सक्रिय सहयोग दें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।