* मां कहे ... ओ मेरे पुत्तर, कदों आवेंगा तू ?
* रोज़ाना फोन करने वाला बेटा, अब कभी नहीं लौटेगा
* विदेश की राह में जिंदगी हार गई : 26 साल के जसबीर का अमरीका में दुखद अंत

करनाल,17 सितंबर:- हरियाणा के करनाल जिले के गांव जुंडला में गम का माहौल है। गांव का 26 वर्षीय जसबीर उर्फ गगन, जो बेहतर भविष्य के सपने लेकर अमेरिका गया था, वहां अचानक मौत के मुंह में चला गया। बताया जाता है कि वह इंडियाना में एक रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। रात को खाना खाकर सोने के बाद जब सुबह वह नहीं उठा, तो उसके रूममेट्स ने एम्बुलेंस बुलाई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव के लोगों के मुताबिक, जसबीर बचपन से ही मेहनती था। 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद उसने परिवार की हालत सुधारने के लिए विदेश जाने का सपना देखा। छोटे भाई नरवेर सिंह ने बताया कि 2023 में एजेंट से संपर्क कर परिवार ने 30 लाख रुपये कर्ज लेकर उसे पहले यूरोप और फिर अमेरिका भेजा। सबको उम्मीद थी कि जसबीर विदेश में कमाई कर कर्ज चुकाएगा और घर की हालत सुधारेगा।
जसबीर रोजाना सुबह घर फोन करता था। शनिवार को हुई आखिरी बातचीत में उसने बताया था कि सब ठीक है। लेकिन सोमवार को उसके दोस्त का फोन आया और परिवार को बताया गया कि जसबीर की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। इस खबर से मां और छोटे भाई के पैरों तले जमीन खिसक गई।

*चार साल पहले पिता खोया, अब बेटा चला गया:
गांव के लोगों का कहना है कि करीब चार साल पहले ही जसबीर के पिता का निधन हो गया था। अब बड़े बेटे के अचानक चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे और छोटा भाई सदमे में है।

*सरकार से मदद की अपील :
नरवेर सिंह ने बताया कि आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वे जसबीर का शव भारत लाने के लिए भी पैसे नहीं जुटा पा रहे हैं। परिवार ने सरकार से गुहार लगाई है कि वे पार्थिव शरीर को गांव तक लाने में मदद करें।