हिसार:– लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में 1 हरियाणा आर एंड वी स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन कैडेटों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से सैन्य, शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।
दिन का प्रमुख आकर्षण सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) की बालिका कैडेटों के लिए आयोजित लाइव फायरिंग अभ्यास रहा, जिसमें उन्होंने निशानेबाजी एवं हथियार संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। वहीं, सीनियर डिवीजन (एसडी) के बालक कैडेटों को .22 राइफल से फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें हथियार संचालन, फायरिंग ड्रिल तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे फायरिंग रेंज पर होने वाले लाइव फायरिंग अभ्यास के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
शिविर के दौरान अग्नि सुरक्षा विभाग, हिसार के अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा विषय पर एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। इसके बाद कैडेटों को अग्निशमन तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कराते हुए आग लगने की आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण से कैडेटों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
दिन का समापन सीनियर डिवीजन (बालकों) एवं सीनियर विंग (बालिकाओं) की बैडमिंटन प्रतियोगिता के एकल और युगल वर्ग के फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। सभी मैचों में कैडेटों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का परिचय दिया।
शिविर में सैन्य प्रशिक्षण, घुड़सवारी, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जागरूकता, व्यक्तित्व विकास तथा खेल गतिविधियों का संतुलित समावेश निरंतर किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व की भावना, टीमवर्क और राष्ट्र सेवा के संस्कार विकसित किए जा रहे हैं।
संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन लाइव फायरिंगअग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण और बैडमिंटन फाइनल का हुआ आयोजन
