संतोखगढ़/ऊना, 31 मार्च (नवीन महे):- हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 4 अप्रैल को शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक का समय सुबह 11:00 बजे निर्धारित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष वलराम महें ने बताया कि यह बैठक विभाग के प्रभारी एवं हरियाणा से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध के निर्देशानुसार बुलाई गई है।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान सर्वसम्मति से जिला संगठन का गठन किया जाएगा, जो संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा। इसके साथ ही नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद का हिमाचल प्रदेश की ओर से भव्य स्वागत भी किया जाएगा। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह उनका शिमला का पहला दौरा होगा, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
वलराम महें ने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, आगामी रणनीति और विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं और शिमला पहुंचने पर प्रभारी के जोरदार स्वागत की योजना बनाई गई है।
