करनाल, 22 नवंबर:- करनाल के शिक्षाविद और युवाओं में नई ऊर्जा जगाने वाले इंटरव्यू मेंटर मिहिर बैनर्जी को गुजरात में आयोजित किए जा रहे सरदार यूनिटी 150 मार्च में शामिल होने का विशेष आमंत्रण मिला है। यह मार्च भारत सरकार के खेल एवं युवा मंत्रालय और गुजरात सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस पदयात्रा के लिए देश भर से 150 विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों को चुना गया है। यह देश की पहली राष्ट्रीय स्तर की पदयात्रा होगी, जिसमें प्रतिभागी लगभग 150 किलोमीटर पैदल चलेंगे। मिहिर बैनर्जी को युवाओं के मेंटर के रूप में चयनित किया गया है।
यह यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 26 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलेगी। पदयात्रा सरदार पटेल की जन्मभूमि कर्मसाड से प्रारंभ होकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (सरदार सरोवर के तट) पर संपन्न होगी। यह यात्रा आनंद, वडोदरा और नर्मदा जिलों से होकर गुजरेगी।
मिहिर बैनर्जी ने बताया कि इस पदयात्रा का आदर्श वाक्य सशक्त भारत–आत्मनिर्भर भारत है। यात्रा के दौरान विकसित, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर चिंतन भी होगा।
उन्होंने समाज सुधार, पर्यावरण संरक्षण, कन्या भ्रूण हत्या, बाल मजदूरी और बेटी बचाओ से जुड़े कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में अनेक युवा सेना, प्रशासन, पुलिस एवं न्यायिक सेवाओं में कार्यरत हैं।